Central Samvad रायपुर, 26 सितंबर 2026
कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया गया है। वर्षों से चली आ रही ग्रामीणों की मांग पूरी होने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार देर रात राजपत्र की प्रति लेकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को बधाई दी।तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने मिठाई बांटी और उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विजय शर्मा ने गांव के विकास के लिए सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की।उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा, जहां आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

राजपत्र में प्रकाशन के बाद ‘चंदनपुर’ नाम अब सरकारी अभिलेखों और शासकीय वेब पोर्टलों में दर्ज रहेगा।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव का नाम केवल पहचान नहीं होता, बल्कि उससे स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से दैनिक व्यवहार और बोलचाल में गांव के नए नाम ‘चंदनपुर’ का उपयोग करने का आग्रह किया।

