
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में आईईडी निष्क्रिय करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट में चार जवान शहीद हो गए। इनमें जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान और बस्तर फाइटर्स का एक जवान शामिल है।
जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों की टीम सर्च ऑपरेशन और डि-माइनिंग के लिए निकली थी। इसी दौरान आईईडी को निष्क्रिय करते समय अचानक उसमें विस्फोट हो गया। घटना में एक इंस्पेक्टर और दो आरक्षक मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सर्च के दौरान सुरक्षाबलों को एक नक्सली डंप भी मिला है। सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर पिछले कुछ महीनों से लगातार आईईडी बरामदगी का अभियान चलाया जा रहा है। आज का ऑपरेशन भी उसी अभियान का हिस्सा था, जिसके दौरान यह हादसा हुआ।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में सुरक्षा बल लगातार सर्च और डि-माइनिंग अभियान चला रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के साथ खड़ी है और उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है।

