राजनांदगांव पुलिस ने समाजसेवी पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश को नाकाम करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 10 बजे बेमेतरा की खुशबू साहू नाम की महिला अपने दो साथियों के साथ फूलबासन बाई को किसी बहाने से घर के बाहर बुलाकर कार में बिठा लिया। इसके बाद वे उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे।इसी दौरान जैसे ही कार चिखली पुलिस चौकी के पास खैरागढ़ मार्ग पर पहुंची, वहां पहले से वाहनों की जांच कर रही पुलिस टीम ने कार को रोक लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पद्मश्री फूलबासन बाई को पहचान लिया और संदेह होने पर तुरंत आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
फिलहाल सुकुल दहान पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

