Central Samvad रायपुर, 8 मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में रायपुर जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कुल 62 जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए।
प्रदेशभर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में दो हजार तीन सौ से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधे। सभी जोड़ों का विवाह उनके धर्म और परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़े भी शामिल रहे। योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है।

आरंग के टाऊन हॉल में 16, तिल्दा-नेवरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में 31 और धरसीवां के मंगल भवन में 15 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।शासन की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को योजना के तहत सहायता राशि और जरूरी सामग्री प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों के लिए सहारा बन रही है और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा दे रही है।

