130 आवेदनों का मौके पर निराकरण, आवास, आयुष्मान कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड वितरित
Central Samvad , रायपुर, 21 मई 2026
बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम भेजा में सुशासन तिहार के तहत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना था।

शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े 260 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 130 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग ने पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से ग्रामीणों की जांच की और संभावित टीबी मरीजों की पहचान की। साथ ही 10 लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 हितग्राहियों को नए घर की चाबियां सौंपी गईं।महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति चेक दिए गए और 11 लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कृषि विभाग की ओर से 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड और मत्स्यपालन से जुड़े हितग्राहियों को मछली जाल वितरित किए गए।

