ग्रामीणों तक ऑनलाइन सेवाएं पहुंचाने पर जोर
समितियों में माइक्रो एटीएम और कंप्यूटरीकरण की समीक्षा
Central Samvad रायपुर, 22 मई 2026
छत्तीसगढ़ में सहकारी समितियों के जरिए किसानों और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री महादेव कावरे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में सहकारी समितियों के ऑनलाइन पंजीयन, पैक्स कंप्यूटरीकरण, माइक्रो एटीएम संचालन, नए गोदाम निर्माण और धान उपार्जन व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने कहा कि सभी पैक्स समितियों में खाद का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कॉमन सर्विस सेंटर की सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचाई जाएं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को आधार सेवा, बैंकिंग सुविधा, ऑनलाइन आवेदन, बिजली बिल भुगतान, बीमा, पेंशन तथा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी केंद्रों में हाई-स्पीड इंटरनेट, तकनीकी संसाधन और प्रशिक्षित ऑपरेटर उपलब्ध रहें। साथ ही ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाए।

