Central Samvadरायपुर, 15 जून 2026
छत्तीसगढ़ी रैप संगीत को नई पहचान दिलाने वाले लोकप्रिय रैपर और सिंगर एप्पी राजा उर्फ चेतन चांडक का निधन हो गया। वे 32 वर्ष के थे और पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। रायपुर स्थित एम्स में उनका उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका ऑपरेशन किया गया था।

इसके बाद उनके शरीर में खून की कमी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बनी हुई थीं। लंबे समय से इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।एप्पी राजा को छत्तीसगढ़ के पहले रैप कलाकारों में गिना जाता है। उनका चर्चित गीत “टूरा भोको लोलो” सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुआ था, जिसके बाद उन्होंने युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।

उन्होंने कई हिट छत्तीसगढ़ी रैप गीतों के जरिए प्रदेश में हिप-हॉप संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।संगीत के साथ-साथ एप्पी राजा सामाजिक मुद्दों पर भी मुखर रहे। उन्होंने “सेव हसदेव” जैसे गीतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश दिया था।उनके निधन की खबर सामने आते ही संगीत जगत, प्रशंसकों और कला प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

