Central Samvad 22 जून 2026
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज दोपहर एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आग लगने के बाद कोचिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए कई छात्रों को इमारत से कूदना पड़ा।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि राज्य के डीजीपी और अपर मुख्य सचिव गृह की उच्च स्तरीय समिति मामले की जांच करेगी। घटना के उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दे दिए हैं। डीजीपी मौके पर बुलाया गया है और उनको निर्देश दिए की घटना के कारणों की जांच और घटना कैसे घटी भविष्य में न घटे इसके लिए कड़ी कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
जानकारी के अनुसार जिस भवन में कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था, उसके भूतल पर पालतू पशुओं की दुकान और प्रथम तल पर गोदाम था। आग सबसे पहले गोदाम में लगी और देखते ही देखते उसकी लपटें दूसरे तल स्थित कोचिंग सेंटर तक पहुंच गईं। आग फैलने के कारण भवन में मौजूद छात्र और कर्मचारी फंस गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने कांच तोड़कर एसी की केबल और अन्य सहारों के माध्यम से नीचे उतरने का प्रयास किया, जबकि कुछ लोगों ने सीधे इमारत से छलांग लगा दी।

इस दौरान कई लोग घायल हो गए। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर फंसे लोगों को बाहर निकाला।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों और भवन में सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है।
अग्निशमन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।इस दुखद घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

