Central Samvadरायपुर, 4 जुलाई 2026
भारत निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में देश के 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 260 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया।

छत्तीसगढ़ से सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, जनसंपर्क विभाग के अधिकारी तथा सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी भी शामिल हुए।मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की सभी प्रक्रियाएं संविधान और निर्वाचन कानूनों के अनुरूप संचालित होती हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने तथा तथ्यात्मक जानकारी के प्रभावी प्रसार में मीडिया एवं संचार अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डीपफेक और भ्रामक डिजिटल सामग्री से उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इनका प्रभावी ढंग से सामना करने का आह्वान किया।

उन्होंने चुनावी साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर भी बल दिया।सम्मेलन में निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान एवं मतगणना, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा फर्जी सूचनाओं के प्रबंधन पर तकनीकी और व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रभावी जनसंचार की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर चर्चा की।

