Central Samvadरायपुर, 05 जुलाई 2026
चिंतन शिविर 3.0 के दूसरे दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योगाभ्यास के साथ की। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) नवा रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विशेष योग सत्र में मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने की प्रेरणा भी देता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।उन्होंने कहा कि सुशासन और प्रभावी निर्णय लेने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है।

इसी उद्देश्य से चिंतन शिविर में दिन की शुरुआत योग से की गई, ताकि सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता के साथ राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा की जा सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक योगाभ्यास से चिंतन शिविर 3.0 को सकारात्मक ऊर्जा मिली है और इससे अनुशासित एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी समाज तक पहुंचेगा।योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य और आईआईएम रायपुर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

