Central Samvadरायपुर, 5 जुलाई 2026
अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित कृषि मंडपम, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, लाभांडी में सहकारिता क्षेत्र की चुनौतियों, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर केंद्रित विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई।

कार्यक्रम में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में सहकारिता की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी श्री केदारनाथ गुप्ता, मार्कफेड के प्राधिकृत अधिकारी श्री शशिकांत द्विवेदी तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर के अध्यक्ष श्री रामकिशुन सिंह ने किया।

चर्चा के दौरान विशेषज्ञों ने वनांचल क्षेत्रों में लघु वनोपज सहकारी समितियों, दुग्ध सहकारिता, महिला सशक्तिकरण, मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से रोजगार सृजन तथा नाबार्ड, अपेक्स बैंक और जिला सहकारी बैंकों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारी सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में यह विशेष आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सहकारी संस्थाओं, बैंकों, विभागों के अधिकारियों, पैक्स प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

