Central Samvad सूरजपुर, 24 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भूमि अधिग्रहण विवाद को लेकर शुक्रवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके में कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद हो गया, जिसमें हुए पथराव में DSP राजेश जोशी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन अधिग्रहण के बदले उचित मुआवजा और जमीन के बदले जमीन की मांग को लेकर वे विरोध कर रहे थे।बताया गया कि कुछ दिन पहले सर्वे के लिए पहुंची टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था।

इसी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम धरमपुर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध शुरू हो गया। इसी बीच पथराव की घटना हुई, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हुए।घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आसपास के जिलों से भी जवान बुलाए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

