Central Samvadरायपुर, 5 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों से मुलाकात कर उन्हें भविष्य के दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा का उद्देश्य केवल पद संभालना नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और सरल व्यवहार ही प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करता है। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने तकनीक आधारित, पारदर्शी प्रशासन और राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया। इस अवसर पर प्रशासन अकादमी के संचालक टी.सी. महावर ने बताया कि 2025 बैच के सात प्रशिक्षु अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और उन्हें जल्द ही विभिन्न जिलों में पदस्थ किया जाएगा।

