Central Samvadरायपुर, 10 अगस्त 2026
आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बिलासपुर प्रवास के दौरान विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

कलेक्ट्रेट परिसर के मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में बिलासपुर संभाग के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, परियोजना प्रशासक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रमुख सचिव ने विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति स्वीकृति निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए संस्था प्रमुखों की बैठक जल्द आयोजित करने को कहा गया। उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक आदि सेवा केंद्रों में होने वाली जनसुनवाई की तैयारियों की भी समीक्षा की।

श्री बोरा ने पंचायत प्रतिनिधियों और मैदानी अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर जनसुनवाई को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पीएम जनमन योजना के तहत निर्मित बहुउद्देशीय केंद्रों के संचालन और दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण व सामुदायिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में प्रयास एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रवेश, कोचिंग संस्थानों के चयन, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के निर्माण कार्य, पठन सामग्री एवं गणवेश वितरण, विद्यार्थी पोषण उपवन, सर्वे कार्य और सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की गई।
प्रमुख सचिव ने कहा कि विभागीय योजनाओं का उद्देश्य केवल प्रशासनिक स्वीकृति तक सीमित नहीं होना चाहिए। योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और मैदानी स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

