Central Samvadरायपुर, 12 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि निहित है। किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं और सरकार उनकी आय बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।मुख्यमंत्री श्री साय बुधवार को हरेली तिहार के अवसर पर नवा रायपुर में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास के गृह प्रवेश समारोह और हरेली उत्सव में शामिल हुए।

उन्होंने श्री वर्मा और उनके परिवार को गृह प्रवेश तथा प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति और ग्रामीण जीवन से जुड़ा प्रमुख पर्व है। इस दिन किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर अच्छी वर्षा, बेहतर फसल और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।

उन्होंने बताया कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए प्रदेश में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। साथ ही सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि यंत्रीकरण, आधुनिक तकनीक और आय बढ़ाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान मजबूत होंगे तो गांव मजबूत होंगे और गांवों की मजबूती से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को गति मिलेगी।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी प्रदेशवासियों को हरेली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली के साथ छत्तीसगढ़ में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होता है।
उन्होंने अच्छी बारिश के चलते इस वर्ष बेहतर फसल की उम्मीद जताई।समारोह में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस सहित कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हरेली पर छग के मुख्यमंत्री ने कहा—किसानों की समृद्धि से ही समृद्ध होगा छत्तीसगढ़

