Central Samvadरायपुर, 15 अगस्त 2026
रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 850 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और देशभक्ति से जुड़ी शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के नृत्य और गीतों ने समारोह में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया।सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों ने पहला स्थान हासिल किया।

दुर्ग संभाग दूसरे और रायपुर संभाग तीसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।सरगुजा संभाग के 286 विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम, जय हिंद हम सबका अभिमान’ जैसे गीतों पर प्रस्तुति देकर देशभक्ति और मातृभूमि के प्रति प्रेम का संदेश दिया।

प्रस्तुति में युवा शक्ति और नए भारत की तस्वीर को भी आकर्षक रूप में दिखाया गया।दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी लय, ऊर्जा और भावों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े’ फ्यूजन गीत पर प्रस्तुति दी। इसमें भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया गया।


