Central Samvadरायपुर, 16 अगस्त 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई।

इसके बाद राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और एनसीसी कैडेट्स द्वारा परेड प्रस्तुत की गई।सभा को संबोधित करते हुए निदेशक ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद किया और युवा शक्ति की राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति फैकल्टी, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से एनआईटी रायपुर देश की प्रगति में योगदान दे रहा है।

कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों, फैकल्टी और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद गो ग्रीन क्लब के ‘ग्रीन एंड क्लीन कैंपस’ अभियान के तहत ऑक्सी-जोन में वृक्षारोपण किया गया। स्वतंत्रता दिवस दौड़ का भी आयोजन किया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कविता, देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियां हुईं।

पब्लिक एंड मीडिया रिलेशन सेल द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ के वीर सपूत शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर, पं. सुंदरलाल शर्मा और डॉ. खूबचंद बघेल की गाथाओं को प्रस्तुत किया गया।

अभिनय क्लब ने आजादी और विभाजन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी।कार्यक्रम का समापन देशभक्ति गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवा शक्ति, ज्ञान, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण का संदेश दिया गया।

