Central Samvadरायपुर, 2 सितंबर 2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बरसात खत्म होते ही प्रदेश में निर्माणाधीन पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अक्टूबर में हर निर्माणाधीन स्थल पर काम होता हुआ दिखाई देना चाहिए।

इसके लिए सभी कार्यों का एक सप्ताह के भीतर ठेकेदारों के साथ स्थल निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया।बैठक में वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन 20 सितंबर तक जमा करने के निर्देश दिए गए। बारिश से क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत के साथ रेलिंग और दीवारों की पेंटिंग का काम 30 नवंबर तक पूरा करने को कहा गया।

अधिकारियों को पुराने और क्षतिग्रस्त पुलों की स्थिति का लगातार आकलन कर जरूरत के अनुसार नए पुल-पुलियों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।सचिव ने कार्यपालन अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं करने तथा धीमी गति से काम करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों को बिना अनुमति कार्यालय नहीं छोड़ने और अपने कार्यक्षेत्र में रहकर निर्माण स्थलों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा।नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया नवंबर तक पूरी कर जनवरी 2027 तक काम शुरू करने के निर्देश दिए गए। ठेकेदारों को समय पर ले-आउट, ड्राइंग-डिजाइन और कार्यस्थल उपलब्ध कराने के साथ हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।

कार्य पूरा होने के तीन महीने के भीतर दस्तावेजी प्रक्रिया और भुगतान पूरा कर अनुबंध क्लोज करने के निर्देश भी दिए गए।सचिव ने प्रदेश के सभी पुल-पुलियों की जानकारी 10 सितंबर तक गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। निर्धारित समय में जानकारी अपलोड नहीं करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने CPGRAMS और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा न्यायालयीन, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन संबंधी मामलों की हर महीने समीक्षा करने को भी कहा।राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के दौरान NHAI और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

रायपुर के MMI चौक-शदाणी दरबार खंड, बेमेतरा बायपास, कोंडागांव-नारायणपुर और रतनपुर-पेंड्रा रोड राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

