Central Samvadरायपुर, 3 सितंबर 2026
महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंबिकापुर क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया और ग्राम उदयपुर में महतारी सदन निर्माण का भूमिपूजन किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए केवल भवन नहीं, बल्कि सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता का केंद्र होगा।

यहां महिलाएं बैठक, प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा सामाजिक और आर्थिक गतिविधियां संचालित कर सकेंगी।उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं में कई पारंपरिक कौशल और प्रतिभाएं मौजूद हैं। उचित मंच और अवसर मिलने से वे अपने हुनर को आगे बढ़ाकर परिवार और समाज की आर्थिक मजबूती में योगदान दे सकती हैं।

महतारी सदन महिलाओं को संगठित करने और उन्हें सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर देगा।मंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करता है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को विकास के समान अवसर मिलें और वे आत्मविश्वास के साथ परिवार, समाज और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।उन्होंने खम्हरिया और उदयपुर की मातृशक्ति को महतारी सदन की सौगात के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

