Central Samvadरायपुर, 05 जुलाई 2026।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विश्वविख्यात पंडवानी गायिका और पद्मविभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई को उनके गृहग्राम गनियारी पहुंचकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अंतिम यात्रा और दाह संस्कार में भी शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि गनियारी स्थित शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल का नाम बदलकर “डॉ. तीजन बाई शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी विद्यालय, गनियारी” रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय महान लोककलाकार के प्रति राज्य सरकार की सच्ची श्रद्धांजलि होगी और आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और सांस्कृतिक योगदान से प्रेरणा मिलेगी।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय पंडवानी शैली और कला-साधना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को देश और दुनिया में नई पहचान दिलाई। उनका निधन राज्य की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का पूरा जीवन लोककला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उनकी उपलब्धियां और योगदान हमेशा याद किए जाएंगे तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

