रायपुर, 05 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है और लगातार हो रही बारिश का असर कई जिलों में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यधिक बारिश की संभावना जताते हुए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में मध्य और दक्षिण बस्तर क्षेत्र में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा रायपुर सहित कई जिलों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
राजधानी रायपुर में शनिवार रात से शुरू हुई रुक-रुक कर बारिश रविवार को भी जारी रही। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। कई कॉलोनियों में घरों के भीतर पानी घुस गया, जबकि कुछ क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कांकेर जिले के चारामा नगर में लगातार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के कुछ हिस्सों में पानी भर गया। जलभराव की वजह से वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार वर्षा के चलते निचले क्षेत्रों में पानी भर सकता है, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

