Central Samvad रायपुर, 26 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश से कई नदियां उफान पर हैं। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के गोबरा नवापारा, सोमवारी बाजार, नेहरू घाट, पारागांव, कुटीपारा और टीला सहित कई इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है।

नवापारा क्षेत्र में पानी करीब 8 फीट तक बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।बाढ़ की स्थिति को देखते हुए करीब 2 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

राजस्व एवं आपदा मंत्री टंक राम वर्मा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी।

प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के लिए 5-5 हजार रुपये के अनुदान चेक वितरित किए गए। मंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ से हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सर्वे पूरा होने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के प्रावधानों के अनुसार प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा। क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण में भी सहायता का भरोसा दिया गया है।

