Central Samvad रायपुर, 26 सितंबर 2026
गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जांजगीर-चांपा में लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर और एसपी ने महानदी के तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

शिवरीनारायण में जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की टीम को मोटर बोट और जरूरी बचाव उपकरणों के साथ तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है। एसडीआरएफ बिलासपुर से भी लगातार समन्वय किया जा रहा है।शिवरीनारायण और बसंतपुर बैराज सहित संवेदनशील स्थानों पर घाट और पुलों में बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है।

नदी के जलस्तर और बहाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर जोखिम वाले पुल-पुलियों पर आवागमन रोका जाएगा।तटीय गांवों में मुनादी के जरिए लोगों को सावधान करने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा सेल्फी और वीडियो के लिए जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य है और प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी की जा रही है।

