Central Samvad 27 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास विभाग को जनजातीय विरासत के संरक्षण, वनाधिकारों की सुरक्षा और संग्रहालय निर्माण के क्षेत्र में किए गए अभिनव कार्यों के लिए प्रतिष्ठित SKOCH Gold Award से सम्मानित किया गया है।

विभाग को यह सम्मान दो महत्वपूर्ण पहलों ‘AADI VIRASAT’ और ‘मोर वनाधिकार, मोर उत्तराधिकार’ के लिए मिला है। इन पहलों का तीन चरणों में प्रस्तुतीकरण और मूल्यांकन किया गया, जिसके बाद Jury तथा Public Voting के माध्यम से इनका चयन हुआ।‘AADI VIRASAT’ के तहत शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय तथा राज्य के पहले जनजातीय संग्रहालय का निर्माण किया गया है।
इन संग्रहालयों में जनजातीय इतिहास, वीरता और संस्कृति को डिजिटल तकनीक, AR/VR और immersive experiences के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।वहीं, ‘मोर वनाधिकार, मोर उत्तराधिकार’ पहल के तहत वनाधिकार को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सुरक्षित रखने की व्यवस्था विकसित की गई है। इसमें उत्तराधिकार, अभिलेखों के अद्यतन और हितग्राहियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और आदिम जाति विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने विभागीय अधिकारियों एवं पूरी टीम को बधाई दी। तत्कालीन टीम लीडर एवं प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, IAS ने SKOCH Award की प्रस्तुतीकरण प्रक्रिया में विभाग की दोनों परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया।यह सम्मान छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव, विरासत संरक्षण और अधिकार-आधारित सुशासन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

