Central Samvad रायपुर, 27 सितंबर 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के क्लिक क्लब द्वारा 26 और 27 सितंबर को दो दिवसीय वार्षिक फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की मूलभूत तकनीकों के साथ व्यावहारिक अनुभव देना था।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ।

इस अवसर पर डॉ. एस. सान्याल, डीन—कॉरपोरेट रिलेशंस एवं रिसोर्स मोबिलाइजेशन, अतिथि वक्ता सुश्री शुभांगी अग्रवाल, डॉ. अंकुर गुप्ता, फैकल्टी इन-चार्ज, क्लिक क्लब तथा डॉ. रामावत भीक्या नायक, फैकल्टी इन-चार्ज, क्लिक क्लब उपस्थित रहे।डॉ. अंकुर गुप्ता ने स्वागत संबोधन में कहा कि क्लिक क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों में फोटोग्राफी के साथ-साथ दुनिया को देखने और समझने का रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।

डॉ. एस. सान्याल ने क्लब की गतिविधियों और उसके गठन की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचियों और रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।कार्यशाला में फोटोग्राफी के तकनीकी पहलुओं, विभिन्न विधाओं, कंपोजिशन और कलर थ्योरी पर सत्र आयोजित किए गए।

सुश्री शुभांगी अग्रवाल ने ‘द आर्ट ऑफ स्टोरीटेलिंग’ विषय पर संवादात्मक सत्र लिया। इसके बाद पोर्ट्रेट फोटोग्राफी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।दूसरे दिन सिनेमैटोग्राफी, मोबाइल फोटोग्राफी और फोटो एडिटिंग पर सत्र हुए। डॉ. रामावत भीक्या नायक ने विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति और अवलोकन के माध्यम के रूप में फोटोग्राफी के महत्व से अवगत कराया।

कार्यशाला के दौरान ‘स्वच्छता थ्रू आवर लेंस’ जागरूकता गतिविधि भी आयोजित की गई।
इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ की थीम पर फोटो वॉक और फोटोग्राफी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने परिसर के विभिन्न स्थानों की तस्वीरों के माध्यम से स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।दो दिवसीय कार्यशाला का समापन सत्र के साथ हुआ। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की तकनीकी जानकारी के साथ अपनी रचनात्मकता, अवलोकन क्षमता और सामाजिक विषयों को दृश्य माध्यम से व्यक्त करने का अवसर मिला।

