Central Samvad जशपुर, 27 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ जशपुर नगर में रविवार को वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर नशामुक्त और स्वस्थ समाज का संदेश दिया।वॉकथॉन जय स्तंभ चौक से शुरू होकर बस स्टैंड होते हुए रणजीता स्टेडियम पहुंची।

इस दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सामाजिक जिम्मेदारियों में भागीदारी का संदेश दिया।वॉकथॉन में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगा राम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए।

रणजीता स्टेडियम में विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। नशामुक्ति परिवार और समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर जिले में जनभागीदारी से विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वॉकथॉन के माध्यम से नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।

