Central Samvad रायपुर, 27 सितंबर 2026
महानदी का जलस्तर बढ़ने से रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के तटीय क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

पुसौर विकासखंड के सूरजगढ़ और परसापाली गांवों में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है। सूरजगढ़ के करीब 450 प्रभावित ग्रामीणों को पड़ीगांव राहत शिविर में पहुंचाया जा रहा है। यहां भोजन, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

वहीं परसापाली के प्रभावित लोगों के लिए छिछोर उमरिया के स्कूल भवन में राहत शिविर बनाया गया है।प्रशासन द्वारा महानदी के अन्य तटीय क्षेत्रों में भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी जारी है।
एसडीएम महेश शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। पंचायत, राजस्व और पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी के आसपास जाने से बचने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

