Central Samvad रायपुर, 27 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में कुपोषण के खिलाफ स्थानीय संसाधनों और जनभागीदारी से चलाया जा रहा ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में इस अभियान का उल्लेख किया और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों को पोषण से जोड़ने वाली पहल की सराहना की।

छत्तीसगढ़ में सितंबर माह को पोषण जागरूकता के लिए विशेष रूप से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 12 सितंबर को ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य घर-घर मुनगा के पौधे पहुंचाने के साथ लोगों को इसके पोषण संबंधी लाभों के प्रति जागरूक करना है।मुनगा यानी सहजन पोषक तत्वों से भरपूर पौधा है।

इसमें विटामिन ए, सी, कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे स्थानीय भोजन में शामिल कर परिवारों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों को महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है।
यहां महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के पोषण के साथ परिवारों को मुनगा के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। स्कूलों और घरों में मुनगा के पौधे लगाने तथा लोगों को इसके महत्व की जानकारी देने पर जोर दिया जा रहा है।
‘हर घर मुनगा’ अभियान की खासियत यह है कि इसमें स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध संसाधन और जनभागीदारी को पोषण जागरूकता से जोड़ा गया है। यह पहल पौधरोपण के साथ पोषण, स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देने का प्रयास है।

