Central Samvad रायपुर, 29 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने के लिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवहन विभाग के कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए ‘जीरो फेटेलिटी’ के लक्ष्य के लिए परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और नगरीय निकायों को मिलकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम से लेकर घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तक पूरी व्यवस्था को मजबूत किया जाए। सुरक्षित और फिट वाहन, प्रशिक्षित चालक, आधुनिक तकनीक तथा बेहतर सड़क सुरक्षा प्रबंधन पर एक साथ काम करने की जरूरत है।

बैठक में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के विस्तार पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने परिवहन सुविधा से वंचित दूरस्थ क्षेत्रों को प्राथमिकता से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कोंटा-जगरगुंडा क्षेत्र में मुख्यमंत्री बस सेवा का उदाहरण देते हुए बताया कि इस सेवा से करीब 6 घंटे का सफर अब लगभग 45 मिनट में पूरा हो रहा है।मुख्यमंत्री ने पीएम-राहत और राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
साथ ही एचएसआरपी, वाहन फिटनेस, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन और ई-ट्रैक व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन का विस्तार होने के साथ पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर होने से स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण अनुकूल परिवहन और नई तकनीक आधारित सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

