Central Samvad रायपुर 30 सितंबर 2026
बस्तर क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए पंजीयन 1 अक्टूबर से शुरू होकर 30 अक्टूबर तक चलेंगे।

बस्तर ओलंपिक का आयोजन तीन चरणों में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर और संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं।प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा।
सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है।बस्तर ओलंपिक के पहले संस्करण में वर्ष 2024 में एक लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जबकि वर्ष 2025 के दूसरे संस्करण में 3 लाख 91 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं को इसमें शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

