Central Samvad रायपुर, 03 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार द्वारा 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस मेले के लिए अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्तियों की जानकारी प्राप्त हुई है। इनमें 10वीं-12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित विभिन्न योग्यताओं वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध हैं।

मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, बैंकिंग, फाइनेंस, नर्सिंग, सुरक्षा, ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी और पिकर-पैकर सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी।रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।
इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल www.erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन कर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, एयरटेल पेमेंट बैंक सहित कई कंपनियां और संस्थाएं शामिल होंगी।

