Central Samvad रायपुर, 10 अक्टूबर 2026
नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन में वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और रायपुर वनमंडल ने कलिंगा विश्वविद्यालय के सहयोग से 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह का आयोजन किया।

इस वर्ष की थीम ‘जुड़ते प्राकृतिक आवास, फलते-फूलते वन्यजीव’ रही।वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कागज की आकृतियां, घोंसलों के प्रतिरूप और बीजगोलक बनाने, वन्यजीव छायाचित्रण तथा प्रकृति भ्रमण जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों, उनके प्राकृतिक आवासों और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। समारोह में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता में कलिंगा विश्वविद्यालय के देवेश मिंज ने प्रथम, सिद्धांत नागपुरे ने द्वितीय और वर्षा साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय की श्रेया साहू प्रथम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उपरवारा की शैल्या साहू द्वितीय और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय माना कैंप के आकाश दास तृतीय स्थान पर रहे। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय माना कैंप की हेमा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गनोद की दीपिका साहू को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझने और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की रक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी पहचानने का अवसर दिया।

