Central Samvad रायपुर, 9 अक्टूबर 2026
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने रायपुर के जयस्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के तीसरे माले में संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) वार रूम का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर शहर में यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता और अवैध निर्माण एवं खुदाई पर नियंत्रण सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने शहर के समग्र विकास और बेहतर प्रबंधन के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।प्रमुख सचिव ने आईटीएमएस वार रूम को सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उपलब्ध तकनीकी संसाधनों और निगरानी व्यवस्था का प्रभावी उपयोग कर शहरी प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या, यातायात के दबाव और सड़क की क्षमता का आकलन करने पर चर्चा हुई। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और नगर निगम की संयुक्त टीम बनाकर समन्वित कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

शहर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई तथा घर-घर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आईटीएमएस की निगरानी व्यवस्था के माध्यम से गंदगी वाले स्थानों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के संबंध में उन्होंने तकनीकी निगरानी संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने की आवश्यकता बताई, ताकि आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की जा ।
बैठक में अवैध खुदाई और निर्माण पर प्रभावी निगरानी रखने, निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण और बैठक के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

