Central Samvad रायपुर, 9 अक्टूबर 2026
राज्यपाल रमेन डेका ने बिलासपुर के सरकंडा स्थित खेल परिसर में 26वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं कैडेट जूडो चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 जिलों से 240 खिलाड़ी और प्रशिक्षक हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि जूडो केवल खेल नहीं, बल्कि साहस, आत्मसंयम, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम है। यह विपरीत परिस्थितियों में धैर्य के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है। विशेष रूप से बालिकाओं के लिए जूडो आत्मरक्षा और मानसिक मजबूती का महत्वपूर्ण साधन है।

उन्होंने कहा कि खेल में जीत पर विनम्र रहना, प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करना और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना जरूरी है। खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अभ्यास करना चाहिए। राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ एशियाई खेलों और ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ के जूडो खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए योगिता मंडावी, हेमवती नाग और रंजीता कोरेटी का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि योगिता मंडावी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मिला है, जबकि हेमवती नाग ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए हैं। रंजीता कोरेटी ने ताइवान में आयोजित एशियन कैडेट जूडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

समारोह में राज्यपाल ने जूडो में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए हेमवती नाग, अभिषेक जायसवाल, शारदा गोस्वामी और योगिता मंडावी को सम्मानित किया। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के तत्वावधान में बिलासपुर जिला जूडो संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में खेल संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित अन्य अतिथि भी शामिल हुए।

