पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों की मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने सभी राज्यों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
पश्चिम बंगाल में 294 सीटों में से 293 सीटों के लिए मतों की गिनती 77 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। मतगणना केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें जिला पुलिस, राज्य पुलिस और केंद्रीय बल तैनात रहेंगे। राज्य में केंद्रीय बलों की लगभग 200 कंपनियां सुरक्षा में लगाई गई हैं। मतगणना प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की निगरानी में संपन्न होगी। पहली बार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है।
केरलम की 140 सीटों के लिए हुए मतदान के बाद सभी मतगणना केंद्रों पर तैयारियों की अंतिम समीक्षा की गई है। अधिकारियों को सुबह 6 बजे तक केंद्रों पर पहुंचने और एजेंटों को निर्धारित समय से पहले उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी कर्मियों के लिए क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है।
पुद्दुचेरी की 30 सीटों के लिए मतगणना कराईकल, यानम और माहे में निर्धारित केंद्रों पर होगी। सभी केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
तमिलनाडु में 234 सीटों के लिए 62 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षित ढुलाई तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
असम में 126 सीटों के लिए 35 जिलों के 40 केंद्रों पर मतगणना होगी। राज्य में मतदान प्रतिशत लगभग 86 रहा था।
इस बीच, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने 29 अप्रैल को हुए मतदान में गंभीर अनियमितताओं के बाद यह निर्णय लिया है। मतगणना 24 मई को की जाएगी।

