पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारत सतर्क, LPG आपूर्ति और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज
पश्चिम एशिया में बदलते हालात को देखते हुए भारत सरकार पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री संचालन और विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
LPG आपूर्ति और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, देश में एलपीजी की मांग में अचानक वृद्धि देखी गई है। ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग में लगभग 99 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही करीब 47 लाख घरेलू गैस सिलेंडर वितरित किए गए हैं, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसी दौरान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने 2 मई से अपने हवाई क्षेत्र में सामान्य उड़ानों को पूरी तरह बहाल कर दिया है। क्षेत्र में तनाव के कारण लगाए गए अस्थायी सुरक्षा प्रतिबंध भी हटा दिए गए हैं। भारत और UAE के बीच उड़ान सेवाएं अब सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिली है।वहीं, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास लगातार सक्रिय है और अब तक सड़क मार्ग के जरिए 2500 से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद कर चुका है। सरकार का कहना है कि जरूरत पड़ने पर आगे भी हर संभव सहायता दी जाएगी।

