बेंगलुरु स्थित निजी अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सी आई ने अपने उपग्रह ‘मिशन दृष्टि’ को सफलतापूर्वक लॉन्च कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस उपग्रह का प्रक्षेपण अमेरिका के कैलिफोर्निया से स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए किया गया।
“मिशन दृष्टि’ दुनिया का पहला ऑप्टोसार उपग्रह है, जो दिन-रात और हर मौसम में पृथ्वी की साफ और विस्तृत तस्वीरें लेने में सक्षम है। इसका वजन लगभग 190 किलोग्राम है और यह भारत में निर्मित अब तक का सबसे बड़ा निजी उपग्रह माना जा रहा है।
इस उपग्रह की खासियत यह है कि इसमें ऑप्टिकल इमेजिंग और सिंथेटिक एपर्चर रडार (SAR) दोनों तकनीकों को एक साथ जोड़ा गया है। इससे बादलों या अंधेरे में भी सटीक तस्वीरें मिल सकेंगी। इसका उपयोग आपदा प्रबंधन, कृषि और सीमा निगरानी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जाएगा।
गैलेक्सी आई की स्थापना 2021 में आईआईटी मद्रास से जुड़े युवाओं ने की थी। इसमें सुयश सिंह, डेनिल चावड़ा और किशन ठक्कर जैसे युवा शामिल हैं, जिन्होंने इस स्टार्टअप को खड़ा कर आज भारत का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है।
इस सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गैलेक्सी आई की टीम को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने इसे युवाओं के नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके जुनून का प्रतीक बताया।
यह मिशन भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है और आने वाले समय में नई संभावनाओं के द्वार खोलता है।

