स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत और जापान के बीच स्वास्थ्य सेवाओं पर संयुक्त समिति की तीसरी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की सह-अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और जापान की स्वास्थ्य नीति मंत्री किमी ओनोदा ने की।
बैठक में दोनों देशों ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की।
स्वास्थ्य प्रणाली, नवाचार और पहुंच पर फोकस
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सहयोग का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करना, लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और नवाचार को बढ़ावा देना है।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि भारत “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत के तहत समावेशी स्वास्थ्य व्यवस्था को आगे बढ़ा रहा है।
प्रमुख क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा
बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ, जिनमें
गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, जांच और उपचार
दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, डिजिटल स्वास्थ्य और तकनीक का उपयोग,चिकित्सा क्षेत्र में मानव संसाधन विकास और प्रशिक्षण, शोध और नवाचार में सहयोग बढ़ाने जैसी बातें शामिल हैं। इसके अलावा डिजिटल स्वास्थ्य और तकनीक पर भी जोर दिया गया।
भारत ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य ढांचे की प्रगति को साझा किया। जापान ने भी तकनीक और अनुसंधान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सहयोग बढ़ाने की बात कही।दोनों देशों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने तथा भविष्य में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

