वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि बस्तर के युवाओं के पास नवाचार के माध्यम से क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने यह बात शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में आयोजित “इनोवेशन महाकुंभ 1.0” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं और राज्य के बजट में क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के तेजी से बढ़ते आर्थिक परिदृश्य में बस्तर के युवाओं के लिए वन उत्पाद, पर्यटन, कला-संस्कृति और कृषि जैसे क्षेत्रों में नवाचार के साथ काम करने के व्यापक अवसर मौजूद हैं। उन्होंने युवाओं से इन क्षेत्रों में आगे आकर आत्मनिर्भर बनने और समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

वित्त मंत्री ने कहा कि बस्तर अब नई दिशा और नई आशा के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं नौकरी छोड़कर कृषि क्षेत्र को अपनाया और आत्मनिर्भरता हासिल की। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थान केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि अनुशासन भी सिखाते हैं। अनुशासन के साथ ईमानदारी से प्रयास कर ही बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है। साथ ही उन्होंने युवाओं को उद्यमिता जोखिम लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने और ज्ञान व कौशल को बढ़ाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

