पांच मंत्रियों ने भी ली शपथ :

Central Samvad 09 मई 2026 भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आज शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने बांग्ला भाषा में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है। विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 207 सीटें जीतकर बड़ा बहुमत हासिल किया है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के शुरुआती दिनों के सबसे वरिष्ठ राज्य नेताओं में से एक 97 वर्षीय मक्खन लाल सरकार का आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगाया और उनके पांव छुए। मक्खन लाल सरकार भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सहयोगी थे। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने ब्रिगेड ग्राउंड पहुंचने से पहले एक रोड शो किया।
शपथ ग्रहण से पहले शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इसे पश्चिम बंगाल के लिए “ऐतिहासिक सुबह” बताया। उन्होंने लिखा कि कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करना गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण का साक्षी बनना संस्थापक नेताओं के सपनों को साकार होते देखने जैसा है।समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे।

