Central Samvad 9 मई 2026
24 घंटे उपलब्ध रहेंगी कानूनी, चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सेवाएं
रायपुर, 09 मई 2026भिलाई नगर में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए ‘अतिरिक्त सखी वन स्टॉप सेंटर’ का शुभारंभ किया गया। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने सेंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह केंद्र भिलाई-दुर्ग क्षेत्र की महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच साबित होगा। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, यौन हिंसा या किसी भी संकट से जूझ रही महिलाओं को अब मदद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
भिलाई में विधायक रिकेश सेन ने किया अतिरिक्त सेंटर का शुभारंभ

घरेलू हिंसा, दहेज और उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं को मिलेगी त्वरित सहायता
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश और जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में यह सेंटर शुरू किया गया है। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर पुलिस सहायता, कानूनी सलाह, चिकित्सा सुविधा, मनोवैज्ञानिक परामर्श और 5 दिन तक अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा।सखी वन स्टॉप सेंटर, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर, फरीद नगर थाना सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग में संचालित होगा। यहां पीड़ित महिलाओं को 24×7 निःशुल्क सेवाएं दी जाएंगी। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क किया जा सकता है।
उद्घाटन समारोह में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आर.के. जांबुलकर, परियोजना अधिकारी श्रीमती अनीता सिंह , केंद्र प्रशासक श्रीमती कविता बघेल सहित महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और सखी सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने लोगों से अपील की है कि आसपास किसी महिला के संकट में होने पर तुरंत हेल्पलाइन 181 या सखी सेंटर को सूचना दें।

