
छत्तीसगढ़ के पहले अत्याधुनिक बकरी ब्रीडिंग एवं रिसर्च सेंटर की तैयारी
Central Samvad रायपुर, 09 मई 2026 छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से धमतरी जिले का भटगांव एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। कलेक्टर की विशेष पहल पर यहां राज्य का पहला “रिसर्च कम इंटीग्रेटेड प्रोडक्शन एडवांसमेंट ब्रीडिंग सेंटर” स्थापित किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक पशुपालन को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए वैज्ञानिक अनुसंधान और उद्यमिता का नया मॉडल प्रस्तुत करेगा।

यह केंद्र पारंपरिक बकरी पालन को आधुनिक और लाभकारी व्यवसाय में बदलने की दिशा में काम करेगा। यहां कृत्रिम गर्भाधान, पैथोलॉजी जांच और त्वरित रोग पहचान के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। रिसर्च यूनिट के माध्यम से बकरी की उन्नत नस्लों के संरक्षण और प्रजनन पर काम होगा, जिससे पशुपालकों को बेहतर गुणवत्ता वाले पशु उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही टिकाऊ पशु आहार और हरे चारे के वैज्ञानिक उत्पादन की तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कौशल विकास : युवाओं और पशु सखियों को मिलेगा नया मंच
कलेक्टर धमतरी के विजन के अनुसार यह केंद्र केवल ब्रीडिंग सेंटर नहीं, बल्कि एक लर्निंग सेंटर भी होगा। यहां किसानों और युवाओं के लिए हॉस्टल सुविधा के साथ ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण की व्यवस्था रहेगी। पहले चरण में 10 से 12 स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जाएगा। वहीं पशु सखियों को तकनीकी प्रशिक्षण देकर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर उद्यमी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
भविष्य की योजना : ग्लोबल विजन के साथ आगे बढ़ेगी परियोजना
परियोजना को सफल बनाने के लिए ओडिशा की प्रतिष्ठित फर्म माणिकस्तु के विशेषज्ञों का तकनीकी सहयोग लिया जा रहा है। उन्नत नस्लों की खरीद-बिक्री के लिए डिजिटल और पारदर्शी मार्केटिंग प्लेटफॉर्म भी विकसित किया जाएगा। भविष्य में यहां राज्य की आधुनिक पशुधन मंडी और पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की भी योजना है।
input Sourse -DPRCG

