Central Samvad 11 मई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में आयोजित “सोमनाथ अमृत पर्व” में शामिल होंगे। आस्था एवं गर्व के इस भव्य उत्सव के लिए तैयारी की जा रही है।प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह विशेष पर्व मनाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री जामनगर से हवाई मार्ग से सोमनाथ पहुंचेंगे। हेलीपैड से वीर हमीरजी गोहिल सर्कल तक रोड शो के दौरान वे लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री , सरदार वल्लभ भाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे जिन्होंने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का सपना देखा था। प्रधानमंत्री सोमनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और मंदिर के शिखर पर कुंभाभिषेक तथा ध्वजारोहण के कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री 11तीर्थों के जल से अभिषेक एवं पूजा करेंगे।इस अवसर पर भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम एयर शो भी प्रस्तुत करेगी।

पूजा के बाद वे जन समुदाय को संबोधित करेंगे ।इस मौके पर प्रधानमंत्री एक विशेष स्मारक डाक टिकट और 75 रुपये का स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे।इसके बाद प्रधानमंत्री वडोदरा पहुंचेंगे, जहां वे सरदारधाम हॉस्टल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना में एक हजार लड़कों और एक हजार लड़कियों के लिए हॉस्टल सुविधा तैयार की गई है।
परिसर में सेंट्रल डाइनिंग हॉल, पुस्तकालय, ऑडिटोरियम और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं। प्रधानमंत्री इस अवसर पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद रहेंगे।

