Central Samvad रायपुर, 10 मई 2026 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को आईपीएल मैच का लाइव रोमांच देखने का अवसर मिला। दसवीं और बारहवीं की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले 18 विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला देखा।

विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव बेहद खास रहा। अधिकांश छात्र पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में लाइव मैच देखने पहुंचे थे। स्टेडियम का माहौल, दर्शकों का उत्साह और खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।

हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करने वाले बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने कहा कि अब तक वे टीवी पर ही आईपीएल देखते थे, लेकिन पहली बार स्टेडियम में मैच देखने का मौका मिला है। उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया।वहीं कांकेर जिले के छात्र यश ख्रोबागढ़े ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सामने खेलते देखना उनके लिए सपने जैसा रहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन और बेहतर अवसर देना जरूरी है। राज्य सरकार शिक्षा, खेल और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री और राज्य शासन के प्रति आभार जताया।

