Central Samvad रायपुर, 11 मई 2026
।छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति देने और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए राज्य में औद्योगिक अधोसंरचना को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पीपीपी मॉडल के माध्यम से बिलासपुर में आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर के विकास, नवा रायपुर में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर निर्माण, धमतरी जिले के छाती तथा बलौदाबाजार जिले के चंदेरी में नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा भिलाई में कमर्शियल टॉवर और फ्लेटेड फैक्ट्री बिल्डिंग निर्माण की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। इन परियोजनाओं से प्रदेश में उद्योगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना जताई गई।

बन ख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली प्रक्रियात्मक बाधाओं को कम किया जाए तथा नियमों को सरल और पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में इंडस्ट्रियल पार्क आवंटन प्रक्रिया में सुधार, निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव रजत कुमार ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निवेश संभावनाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
बैठक में विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत, वित्त विभाग के सचिव रोहित यादव सहित CSIDC, योजना एवं वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

