पीएम किसान, राशन, बिजली-पानी और राजस्व मामलों का शिविरों में ऑन-द-स्पॉट निराकरण
Central Samvad ,22 मई रायपुर।
धमतरी जिले में चल रहे ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान के तहत जिला प्रशासन ने अब तक 11,621 आवेदनों में से 8,500 से अधिक मामलों का त्वरित निराकरण किया है।

प्रशासन द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।जिले की 24 ग्राम पंचायतों में क्लस्टर मॉडल के तहत 15 से 20 गांवों को जोड़कर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 8 बड़े शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जबकि नगरीय निकायों में 13 शिविर लगाए गए हैं।

अभियान के दौरान राजस्व प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रमाण पत्रों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है।ग्राम पिपरछेड़ी में आयोजित शिविर में किसानों की पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं का भी तत्काल निराकरण किया गया। जिला प्रशासन ने कहा है कि सभी लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।

