नगर निकायों में 240 और पंचायत उपचुनाव में 392 प्रत्याशी मैदान में, निर्वाचन आयोग ने पूरी की तैयारियां
Central Samvad रायपुर, 30 मई 2026
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव के लिए 1 जून को मतदान होगा। चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन था। निर्धारित समय के अनुसार रात 12 बजे से प्रचार थम जाएगा, जिसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर संपर्क कर सकेंगे।राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव में कुल 240 तथा त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में 392 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पंचायत चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन भी हुआ है।त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पंच के 640 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। वहीं शेष 107 पदों के लिए 1 जून को मतदान कराया जाएगा। सरपंच के 15 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है, जबकि 24 पदों के लिए मतदान होगा। इसी प्रकार जनपद सदस्य के 10 पदों के लिए भी मतदान कराया जाएगा।नगरीय निकाय चुनाव के तहत 71 पार्षद पदों और 5 अध्यक्ष पदों के लिए मतदान होना है। निर्वाचन आयोग ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।नगरीय निकाय चुनाव में मतदान ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के माध्यम से कराया जाएगा, जबकि पंचायत चुनाव में मतपेटियों का उपयोग किया जाएगा।

