Central Samvad 1जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत कोंडागांव जिले के ग्राम बड़े कनेरा में आयोजित समाधान शिविर में पहुँचे ।उन्होंने जिले को 152 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 96 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 14 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा लगभग 56 करोड़ रुपये के 29 नए कार्यों का भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी सरकार के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रही है और लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बड़े कनेरा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें नारंगी नदी स्थित स्टॉप डेम सह पुलिया के जीर्णोद्धार, केशकाल-बांसकोट-माकड़ी-एरला मार्ग के मजबूतीकरण, नए सड़क निर्माण कार्य, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, गोंडवाना भवन, सर्व आदिवासी समाज भवन तथा प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, महतारी वंदन योजना, किसानों को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बढ़ी हुई दर और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ अब सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है।उन्होंने यह भी घोषणा की कि जून माह से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिससे नागरिक घर बैठे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और तय समय-सीमा में उनका निराकरण किया जाएगा।

