Central Samvad रायपुर 15 जून 2026
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश में खाद्यान्न भंडार को लेकर भरोसा जताते हुए कहा है कि अल नीनो के संभावित प्रभाव के बावजूद देश में अनाज की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले वर्ष पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया था, जिससे खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।

नई दिल्ली में आयोजित माइंडमाइन सम्मेलन को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका है, जिसका असर किसानों और उनकी आय पर पड़ सकता है। हालांकि, देश में खाद्यान्न का पर्याप्त भंडार उपलब्ध होने के कारण आम लोगों के लिए अनाज की उपलब्धता प्रभावित नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि खरीफ फसल के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं और सरकार किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां कर रही है। इसके साथ ही आगामी रबी सीजन के लिए उर्वरकों की आपूर्ति नवंबर से शुरू कर दी जाएगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र की चुनौतियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

