Central Samvadरायपुर, 16 जून 2026
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव जिले के कृषि विज्ञान केंद्र, सुरगी में आयोजित जैविक कृषि कार्यशाला एवं कृषक सम्मेलन में किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों और प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए।

डॉ. सिंह ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र, सुरगी प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है। यहां आधुनिक तकनीकों, ड्रोन आधारित कृषि और नवाचारों के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुरगी-खरखरा डायवर्सन नहर लाइनिंग का 19 करोड़ रुपये का कार्य 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय ने प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए जैविक उत्पादों की बढ़ती मांग पर जोर दिया। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने किसानों को मिल रही प्रोत्साहन राशि, फसल विविधीकरण और कृषि योजनाओं की जानकारी दी। वहीं कृषि विभाग ने बताया कि खरीफ सीजन के लिए जिले में पर्याप्त मात्रा में बीज और उर्वरक उपलब्ध हैं।कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों का सम्मान किया गया तथा कृषि एवं जैविक उत्पादों से जुड़े विभिन्न स्टॉलों का प्रदर्शन भी किया गया।

